वाराणसी : गैस सिलेंडर फटने से  भाई-बहन की मौत, मकान ढहा, कई घायल

वाराणसी : गैस सिलेंडर फटने से  भाई-बहन की मौत, मकान ढहा, कई घायल

वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के लहरतारा इलाके में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी भयंकर धमक से एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया। इस दुर्घटना में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि उनकी मां और एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

rajeshswari

मृतकों की पहचान अमन चौधरी (31 वर्ष) और उनकी बहन प्रीति उर्फ लक्ष्मी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घायलों को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

परिवार की मुखिया गिरिजा देवी (60 वर्ष) सुबह किचन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस लीक हो गई, जिसने आग पकड़ ली और कुछ ही पलों में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि 50 साल पुराना जर्जर मकान भरभराकर गिर पड़ा। बताया जाता है कि मकान का पिछला हिस्सा हाल ही में बनाया गया था, लेकिन सामने का हिस्सा काफी पुराना और कमजोर था। हादसे के समय पूरा परिवार उसी हिस्से में मौजूद था।

धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से शुरू हुए रेस्क्यू कार्य में बाद में एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने भी हिस्सा लिया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया।

एडीसीपी वरुणा जोन नीतू कादयान ने बताया कि सिलेंडर विस्फोट के कारण मकान गिरने की सूचना मिली थी। फील्ड यूनिट और फायर ब्रिगेड की टीमों ने राहत कार्य संचालित किया।

इसे भी पढ़े   काशी में पहली बार आयोजित होगी भव्य राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आस-पास के कई मकानों में दरारें पड़ गईं। इलाके के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है।

गिरिजा देवी अपने पति आत्मा प्रसाद (जिनका तीन साल पहले निधन हो चुका था) के बाद दो बेटों और एक बेटी के साथ रह रही थीं। इस हादसे ने परिवार पर गहरा सदमा पहुंचाया है।

पड़ोस की रहने वाली चंदा साहनी ने बताया, “धमाके की तेज आवाज से मेरी नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखा तो पूरा मकान गिर चुका था। हमने तुरंत मिलकर लोगों को बचाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।”

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर से गैस लीक होना ही मुख्य कारण माना जा रहा है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *