वाराणसी: एनडीआरएफ ने गंगा में डूबते युवक को बचाया
घाटों पर बजीं तालियां
वाराणसी (जनवार्ता) । आध्यात्मिक नगरी के मशहूर मीर घाट पर मंगलवार को एनडीआरएफ के जांबाजों ने महज कुछ ही पलों में रोमांचक बचाव में बदल दिया। गंगा के पवित्र जल में स्नान कर रहे भदोही जिले के 18 वर्षीय एक युवक अचानक असंतुलित होकर गहरे पानी में बहने लगे और डूबने की कगार पर पहुंच गए।


घटना के समय मीर घाट पर 24 घंटे की पिकेट ड्यूटी पर तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं वाहिनी के सतर्क जवानों ने युवक को डूबते देखते ही बिना एक पल गंवाए गहरे जल में छलांग लगा दी। प्रशिक्षित बचाव दल ने तेजी से युवक को पकड़ा, सुरक्षित बाहर निकाला और घाट पर लाकर प्राथमिक उपचार दिया। युवक की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में बल की टीमें इन दिनों गंगा घाटों पर लगातार गश्त कर रही हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और स्नान-पूजन के दौरान होने वाली छोटी-मोटी असावधानियों को देखते हुए एनडीआरएफ के जवान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहते हैं।
इस साहसिक बचाव कार्य को देखकर आसपास मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एनडीआरएफ टीम की जमकर वाहवाही की। कई लोगों ने कहा, “एनडीआरएफ के जवान वाकई हमारे जीवन रक्षक हैं। उनका साहस और तत्परता देखकर गर्व होता है।”
वाराणसी में इन दिनों मां गंगा के तट पर पुण्य स्नान करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में एनडीआरएफ की यह त्वरित और पेशेवर प्रतिक्रिया एक बार फिर साबित करती है कि आस्था के इस पावन शहर में सुरक्षा के हर पहलू पर पूरी नजर रखी जा रही है।
एनडीआरएफ ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतें, गहरे पानी से दूर रहें और किसी भी असामान्य स्थिति में तुरंत आसपास मौजूद बचाव दल को सूचित करें।

