वाराणसी: दो शातिर चेन स्नेचरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
एक लाख नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। चौक थाना पुलिस और एसओजी टीम ने चेन लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने के लॉकेट को बेचकर प्राप्त 1 लाख 2 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सरोजा पैलेस के सामने सड़क पार करते समय बाइक सवार दो युवकों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली थी। मामले में चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रामसिंह अखाड़ा, बेनियाबाग क्षेत्र से आलोक मिश्रा (21) और विकास पाण्डेय (26) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने लूटी गई चेन राह चलते एक व्यक्ति को 1.02 लाख रुपये में बेच दी थी। बरामद नकदी उसी बिक्री की रकम है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई चौक थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की।

