कल्लीपुर में लैंड पुलिंग को लेकर VDA का निरीक्षण, किसानों से संवाद
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा प्रस्तावित विकास योजनाओं के तहत कल्लीपुर ग्राम में भूमि क्रय/लैंड पुलिंग प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए रविवार को उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों और स्थानीय ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी राय और सुझाव लिए।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि भूमि क्रय की पूरी प्रक्रिया किसानों की सहमति और पारदर्शिता के आधार पर ही की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए न्यायसंगत दर पर ही जमीन खरीदी जाएगी, ताकि सभी पक्षों को संतुलित लाभ मिल सके।
विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से पूरे प्रस्तावित टाउनशिप क्षेत्र का ड्रोन के माध्यम से सर्वेक्षण भी कराया गया। इस सर्वे के जरिए भूमि की वास्तविक स्थिति, सीमांकन और विकास की संभावनाओं का सटीक आकलन किया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग कर कार्यों में तेजी लाई जाए।
इस दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं अधिकारियों के सामने रखीं। उपाध्यक्ष ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनसहभागिता के साथ विकास कार्य आगे बढ़ाए जाएंगे।
निरीक्षण के समय अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, राजस्व विभाग के क्षेत्रीय लेखपाल, वीडीए के लेखपाल मनु उपाध्याय समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


