गंगा रेती में हिंसक झड़प: घोड़ा-ऊंट वालों ने नाविकों को पीटा, 4 घायल
वाराणसी (जनवार्ता): प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट के सामने गंगा की रेती पर घोड़ा-ऊंट सवारी करने वाले युवकों और नाविकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद पर्यटकों से तय रेट से अधिक पैसे वसूलने को लेकर शुरू हुआ, जिसमें नाविकों ने हस्तक्षेप किया। नाराज होकर घोड़ा-ऊंट संचालकों ने नाविकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें करीब 4 नाविक घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, कुछ युवक एक पर्यटक से अधिक राशि मांग रहे थे। नाविक ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। वीडियो में 5-10 युवक डंडे लेकर दौड़ते हुए और भगदड़ मचाते दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक कई लोग घायल हो चुके थे।
घायल नाविकों को कबीर चौरा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां प्राथमिक इलाज से इनकार कर रामनगर थाने जाने को कहा गया। नाविकों का आरोप है कि घोड़ा-ऊंट संचालकों की मनमानी और पर्यटकों से ज्यादा वसूली की शिकायतें वे पहले भी कई बार पुलिस को कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद नाविकों ने कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया और नाव संचालन बंद कर दिया।
यह घटना वाराणसी के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ती मनमानी, ठगी और विवादों को उजागर करती है, जिससे शहर की छवि पर बुरा असर पड़ रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
प्रशासन से अपील है कि घाटों पर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नियमित निगरानी और सख्ती बरती जाए, ताकि पर्यटकों का विश्वास कायम रहे और गंगा घाटों पर शांति बनी रहे।

