डिप्रेशन से पीड़ित बंदोबस्त अधिकारी की पत्नी ने सातवीं मंजिल से लगाई छलांग
वाराणसी (जनवार्ता) । शिवपुर में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी की पत्नी ने डिप्रेशन के कारण आत्महत्या कर ली।

रविवार की सुबह लगभग 4 बजे शिवपुर सेंट्रल जेल मार्ग पर स्थित अवध अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से 50 वर्षीय सीमा सिन्हा ने कूदकर अपनी जान दे दी। परिजनों के अनुसार सीमा सिन्हा पिछले कई वर्षों से डिप्रेशन की समस्या से जूझ रही थीं और इसका इलाज भी करा रही थीं लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाया।
सीमा के पति पंकज कुमार जो सुल्तानपुर में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के पद पर तैनात हैं ने बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थीं। उन्हें समय-समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलती रही लेकिन दुर्भाग्यवश स्थिति नियंत्रण में नहीं आ सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना में कोई संदिग्ध परिस्थिति नहीं पाई गई है।

