करवा चौथ पर युवक की संदिग्ध मौत
मौसी ने पत्नी और ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता): भेलूपुर थाना क्षेत्र के ब्रिज एनक्लेव कॉलोनी में करवा चौथ के दिन शुक्रवार दोपहर 26 वर्षीय दीपक तिवारी का शव उनके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दीपक की मौसी शोभा तिवारी ने उनकी पत्नी वर्षा तिवारी और उसके मायके वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पत्नी और उनके परिजनों का दावा है कि दीपक की मौत करंट लगने से हुई।
शोभा तिवारी ने बताया कि दीपक के माता-पिता की मृत्यु बचपन में ही हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने उसे गोद लिया और उसका पालन-पोषण किया। उन्होंने दीपक के लिए विवाह भी नहीं किया। दो साल पहले भभुआ की रहने वाली वर्षा से दीपक की शादी हुई थी, लेकिन शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। विवादों के चलते शोभा ने अपने मकान का एक हिस्सा दीपक को अलग रहने के लिए दे दिया था। दोनों से 11 माह का एक बच्चा भी है ।
शोभा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह और दीपक घर से निकले थे। एक घंटे बाद वर्षा के चाचा का फोन आया कि दीपक को कुछ हो गया है। मौके पर पहुंचने पर दीपक का शव कमरे में मिला। शोभा का आरोप है कि वर्षा के मायके से आए उसके पिता, चाचा, मां और दो भाइयों ने दीपक की हत्या की।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।