बीएचयू में छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी’
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार को छात्रसंघ की बहाली और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की मांग को लेकर ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ निकाला गया। जिसमें दर्जनों विद्यार्थियों ने भाग लेकर छात्र अधिकारों की आवाज बुलंद की। इस मार्च में शामिल छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके माध्यम से छात्रों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, विचार व्यक्त करने और शैक्षणिक व प्रशासनिक मामलों में भागीदारी का अवसर मिलता है। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक वातावरण मजबूत करने और छात्रसंघ की बहाली की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसमें छात्र एकता, लोकतांत्रिक अधिकारों और विश्वविद्यालय में स्वस्थ संवाद की जरूरत को प्रमुखता से उठाया गया। छात्रों ने कहा कि छात्रहित और छात्रसंघ की बहाली के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा। इस मार्च में रोशन पांडेय, राणा रोहित, हिमांशु यादव, पल मिश्रा, गुलशिदा, जाह्नवी, मुरारी कुमार, शिव शक्ति, ध्रुव, रीतम सिंह ,मिहिर समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

