आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत रोहनिया में महिला सम्मेलन संपन्न
वाराणसी (जनवार्ता): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केसरीपुर, रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में शुक्रवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विनीता सिंह ने की। सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह, विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा नम्रता सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया।


मुख्य अतिथि साधना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार करने के लिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प दिलाया। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने महिलाओं को दी जा रही प्राथमिकता, नारी सुरक्षा, सशक्तिकरण और ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के महत्व पर प्रकाश डाला। अतिथियों ने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष विनीता सिंह ने सभी अतिथियों को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री महिला मोर्चा रेखा सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, संजय सोनकर, जिला मंत्री मीना तिवारी, महामंत्री किरण मिश्रा, हीरावती, सीमा ओझा, सोनाली पांडेय, कुमुद त्रिपाठी, स्वाति पांडेय, ममता पटेल, मधु विश्वकर्मा, मुमताज बानो सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

