मुगलसराय : नहर में मिले युवक की हत्या का खुलासा, गला दबाकर उतारा मौत के घाट
चंदौली (जनवार्ता) । चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में रेउसा नहर से 5 नवंबर को बरामद युवक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सनसनी मचा दी है। रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि 24 वर्षीय दीपक पांडेय की हत्या गला दबाकर की गई थी। किसी तेजधार हथियार या जहर के उपयोग का कोई संकेत नहीं मिला। पुलिस अब मामले को हत्या के रूप में दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

मृतक दीपक पांडेय सदर कोतवाली क्षेत्र के नेगुरा गांव का निवासी था और पेशे से ऑटो चालक था। वह टेंगरा मोड़ से चंदौली तक यात्रियों को ढोने का काम करता था। परिजनों के अनुसार, 4 नवंबर की सुबह वह रोजाना की तरह ऑटो लेकर घर से निकला था, लेकिन शाम तक लौटकर नहीं आया। परिवार ने तलाश शुरू की, मगर कोई पता नहीं चला।
अगले दिन सुबह अलीनगर थाना क्षेत्र के रेउसा झंडा मुजहरिया पुल के पास नहर में शव मिलने की सूचना पर परिजन पहुंचे और शव की शिनाख्त दीपक के रूप में की। परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश और मोटिव का पता लगाया जा रहा है। क्षेत्र में घटना से दहशत का माहौल है।

