बनारस में ठंड बढ़ी: रात का पारा सामान्य से नीचे, हवा ‘यलो अलर्ट’ मे
वाराणसी (जनवार्ता) | वाराणसी में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बदलने लगा है। बृहस्पतिवार की रात शहर का न्यूनतम तापमान 11.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम रहा। तापमान में इस गिरावट के चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर तेज महसूस होने लगा है।

बुधवार की तुलना में पारा तेजी से नीचे गया है—पिछली रात तापमान 12°C से ऊपर था, जबकि गुरुवार को यह लगभग एक डिग्री और लुढ़क गया। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के तापमान में भी 2–3 डिग्री का अंतर देखने को मिला है। शहर में न्यूनतम तापमान 13.2°C रेकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
रात में हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा रही, जिससे ठंडक और बढ़ी। वहीं दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा और 28.5°C दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री कम है।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी शहर में बढ़ने लगा है। गुरुवार को AQI 135 दर्ज किया गया, जो ‘यलो अलर्ट’ श्रेणी में आता है। इससे सुबह-शाम धुंध का हल्का असर दिख रहा है।
हालांकि, यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने अगले 4–5 दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी में कमी आई है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट की रफ्तार धीमी हुई है, लेकिन रात के तापमान में तेज गिरावट का सिलसिला जारी है और ठिठुरन बनी हुई है।

