पैतृक संपत्ति के लिए बड़े भाइयों ने छोटे भाई अधिवक्ता पर  हमला

पैतृक संपत्ति के लिए बड़े भाइयों ने छोटे भाई अधिवक्ता पर  हमला

ईंट-पत्थर फेंके, पुलिस चौकी में भी दी मारने की धमकी

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता) । पैतृक संपत्ति हड़पने के विवाद में बड़े भाइयों द्वारा अपने ही छोटे भाई, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने न सिर्फ घर की छत से ईंट-पत्थर फेंके बल्कि पुलिस चौकी पहुंचकर भी खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।

शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार निवासी अधिवक्ता शिवप्रकाश सिंह शुक्रवार सुबह कचहरी जाने की तैयारी कर घर से निकल रहे थे। तभी उनके बड़े भाई अमित सिंह व सत्यप्रकाश सिंह छत पर चढ़ गए और उन पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। अधिवक्ता शिवप्रकाश किसी तरह जान बचाकर गिलट बाजार चौकी पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत की।

शिकायत दर्ज होते ही आरोपी भाई अमित सिंह व सत्यप्रकाश सिंह 10-12 लोगों के साथ चौकी पहुंच गए और अधिवक्ता को अभद्र गालियां देने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर अधिवक्ता के साथ मौजूद बबल शर्मा पर भी हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों की बाइक गिर गई, जिससे माहौल और गरमा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया।

अधिवक्ता शिवप्रकाश सिंह ने बताया कि यह पूरा विवाद पैतृक संपत्ति को हड़पने का है। पहले भी आरोपियों ने फर्जी वसीयत बनवाने की कोशिश की थी, जिसके एक मामले में एक व्यक्ति जेल भी जा चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों भाई लगातार दबाव बनाकर संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं और इस हमले की पूरी योजना पहले से बनाई गई थी।

इसे भी पढ़े   राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूर्ण होने पर विशेष पूजन एवं आरती

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर ले ली है। थाना प्रभारी शिवपुर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पैतृक संपत्ति के इस खूनी खेल ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है। अधिवक्ता समाज ने भी घटना की कड़ी निंदा की है और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *