महिला सरगना समेत अन्तरजनपदीय चोर गिरोह गिरफ्तार
लाखों का माल-नकदी बरामद

वाराणसी (जनवार्ता)। लालपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला समेत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर, मोतियों की माला, चांदी के सिक्के, 31,500 रुपये नकद और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) नीतू कादयान के मुताबिक, गिरोह की सरगना महिला आरोपी ललिता उर्फ सपना चोरी का माल घर लाकर उसे बेचने का काम करती थी। आरोपी दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में ताला तोड़कर चोरी करते थे। सीसीटीवी से बचने के लिए ये पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में विक्की बेनवंशी, उसकी मां ललिता उर्फ सपना, रोहित बेनवंशी और आरिफ उर्फ शाहरुख शामिल हैं। सभी नई बस्ती, पाण्डेयपुर के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
महिला आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि मजबूरी के नाम पर वह चोरी के जेवरों को आसानी से बेच देती थी।
इस सफल अभियान के लिए लालपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

