राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर सीएम योगी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
लखनऊ (जनवार्ता)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के जीपीओ पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें शत-शत नमन किया। श्रद्धा और सम्मान से भरे इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और कुछ क्षण मौन रहकर उन्हें स्मरण किया।


कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजाराम’ सहित अन्य भजनों की मधुर प्रस्तुति दी, जिससे पूरा जीपीओ पार्क भक्ति और श्रद्धा की धुनों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 15 मिनट तक एकाग्र होकर इन भजनों को सुना और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। इस दौरान उन्होंने गांधी प्रतिमा के समक्ष सभी स्कूली बच्चों के साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए।

मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा:
“‘राष्ट्रपिता’ महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन। श्रद्धेय बापू का सत्यनिष्ठ आचरण, अहिंसा की उनकी अडिग साधना और मानवता के प्रति अनन्य करुणा, संपूर्ण विश्व को सदैव आलोकित करती रहेगी। आइए, बापू के आदर्शों को आत्मसात कर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दें।”
सीएम योगी ने आमजन से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बापू के जीवन और विचार आज भी विश्व शांति और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
यह कार्यक्रम सत्य, अहिंसा और राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत करने वाला रहा, जहां नई पीढ़ी ने भी बापू के आदर्शों से जुड़कर उन्हें याद किया।

