सोनभद्र : AI से फर्जी न्यूड फोटो बनाकर महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाले अंतरजनपदीय साइबर ठगी गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र : AI से फर्जी न्यूड फोटो बनाकर महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाले अंतरजनपदीय साइबर ठगी गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र (जनवार्ता)।  पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ अपने विशेष अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। म्योरपुर थाना क्षेत्र की एक महिला सुषमा गुप्ता की शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना ने एक संगठित अंतरजनपदीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया और कानपुर नगर से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर महिलाओं की फर्जी न्यूड तस्वीरें तैयार करता था और उन्हें ब्लैकमेल कर धन उगाही करता था।

rajeshswari

पीड़िता को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और पैसे की मांग की। पैसे न देने पर हत्या की धमकी के साथ-साथ फर्जी न्यूड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कही गई। आरोपियों ने महिला के मोबाइल को हैक करने का भी प्रयास किया। इस शिकायत पर म्योरपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जांच साइबर क्राइम थाना को सौंपी गई। साइबर क्राइम निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व वाली विशेष टीम ने कानपुर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से छापेमारी की और गिरोह के चार सदस्यों—सुरेंद्र कुमार, गोलू राजपूत, मोहम्मद जुनेद तथा अनुराग सिंह (सभी कानपुर नगर निवासी)—को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड हासिल करता था। कुछ सिम विक्रेता पीओएस मशीन के जरिए वैध और अवैध तरीकों से सिम एक्टिवेट कर ठगों को मुहैया कराते थे। आरोपी अश्लील वीडियो दिखाने के बहाने लोगों को फंसाते थे और AI की मदद से फर्जी न्यूड फोटो तैयार कर ब्लैकमेल करते थे। ब्लॉक हो चुके नंबरों को गुमशुदा दिखाकर दोबारा सक्रिय कराया जाता था। गिरोह ने अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों का इस्तेमाल कर देशभर में कई साइबर ठगी की घटनाएं अंजाम दी हैं।

इसे भी पढ़े   कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़

जांच में यह भी सामने आया कि सोनभद्र जनपद के कई अन्य लोग भी इस गिरोह के शिकार हो चुके हैं। पुलिस अन्य पीड़ितों की पहचान करने और गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने की जांच जारी रखे हुए है। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में यह पूरी जानकारी साझा की।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *