दूसरी शादी का विरोध करने पर पत्नी की पिटाई
प्रयागराज में पति समेत 6 पर केस दर्ज
प्रयागराज (जनवार्ता)। धूमनगंज थाना क्षेत्र में दूसरी शादी का विरोध करने पर एक पति ने अपनी पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान ससुराल पक्ष ने महिला के साथ आई उसकी मां और अन्य रिश्तेदारों को भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। मारपीट में तीन महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, नैनी एडीए कॉलोनी निवासी सोनिया (26) की शादी पांच वर्ष पहले मुंडेरा निवासी आशीष भारतीया (30) से हुई थी, जो एक निजी कंपनी में काम करता है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करता था और आए दिन ताने देता था।
सोनिया ने बताया कि चार साल पहले उसने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल वालों का व्यवहार और कठोर हो गया। मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया और तब से वह मायके में रह रही है। इस दौरान ससुराल पक्ष की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया।
कुछ दिन पहले उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने चुपके से दूसरी शादी कर ली है। इस बात की पुष्टि करने के लिए वह अपनी मां और अन्य महिला रिश्तेदारों के साथ ससुराल पहुंची। वहां पहुंचते ही विवाद शुरू हो गया।
पीड़िता के मुताबिक, उसे देखकर पति की दूसरी पत्नी ने दरवाजा बंद कर लिया और आशीष को फोन कर बुला लिया। थोड़ी देर बाद आशीष वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए सोनिया पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की, जिससे उसका सिर फट गया।
जब साथ आई महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस घटना में सोनिया की मां गुड़िया देवी, अंतिमा और पुष्पा घायल हो गईं। अंतिमा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आशीष भारतीया, उसके भाई चंदन और गुलशन समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।


