भारत की टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत, नामीबिया को 93 रन से रौंदा
नई दिल्ली ।आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए नामीबिया को 93 रन के विशाल अंतर से हरा दिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं। रन के लिहाज से यह टी20 वर्ल्ड कप में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस निर्णय को गलत साबित कर दिया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
इशान और हार्दिक की अर्धशतकीय पारियां
भारत की ओर से इशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 61 रन बनाए। उन्होंने पारी को मजबूती दी और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हार्दिक पंड्या ने भी आक्रामक अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 52 रन की अहम पारी खेली।
संजू सैमसन ने 22 रन, तिलक वर्मा ने 25 रन और शिवम दुबे ने 23 रन का योगदान दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हुए। रिंकू सिंह 1 रन पर आउट हुए, जबकि अक्षर पटेल खाता भी नहीं खोल सके। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 4 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।
नामीबिया की पारी 116 रन पर सिमटी
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लोरेन स्टीनकैंप ने 29 रन और जान फ्रिलिंक ने 22 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली।
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
भारतीय टीम का यह संतुलित प्रदर्शन टूर्नामेंट में उसके मजबूत इरादों का संकेत देता है।


