दिल्ली : निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से दो की मौत
कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
नई दिल्ली (जनवार्ता)। राजधानी दिल्ली के पुराने इलाके चांदनी चौक स्थित चावड़ी बाजार में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक घायल को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा (शीश महल क्षेत्र) में हुआ। इमारत गिरते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां, पानी के टैंकर और बचाव वाहन मौके पर पहुंच गए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत में पिछले तीन से चार महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। बताया गया कि निर्माणाधीन भवन के कई स्लैब एक साथ गिर गए, जिससे पूरी संरचना ढह गई।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान जारी है।

