मार्कण्डेय महादेव मंदिर में चेन स्नेचिंग: पीड़िता का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी
चौबेपुर (जनवार्ता): स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित कैथी मार्कण्डेय महादेव मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक महिला का सोने का मंगलसूत्र और चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित महिला रोते हुए मंदिर परिसर में अपने गहने के गायब होने का आरोप लगा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, पनिहरी गांवनिवासी मुन्नी देवी सोमवार की दोपहर मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आई थी। इसी दौरान भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र पार कर दिया। गहना गायब होने का पता चलते ही महिला बेहद भावुक हो गई और मदद की गुहार लगाने लगी। आस-पास मौजूद अन्य श्रद्धालुओं ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो में महिला आरोप लगाती नजर आ रही है कि मंदिर की पवित्र भूमि पर उसके साथ यह धोखा हुआ है। उसने प्रशासन से चोर का पता लगाने और उसका मंगलसूत्र बरामद करने की गुहार लगाई है।घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस संबंध में कोई औपचारिक तहरीर नहीं मिली है, लेकिन वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी की जा रही है। उन्होंने कहा, “हम लोग मंदिर में ही हैं और पूरे मामले की छानबीन कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है।” पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।


