काशी की काष्ठ कला का राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में दिखेगा दम, शुभंकर ‘कौतिक’ बना आकर्षण
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर में 29 नवंबर से 9 दिसंबर तक आयोजित होने वाली 63वीं सेठ एम.आर. जैपुरिया नेशनल चेस चैंपियनशिप का आधिकारिक शुभंकर ‘कौतिक’ आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बनारस के काष्ठ कलाकारों ने इसे विशेष रूप से तैयार किया है। जिसमें स्वर्णिम शतरंज राजा के रूप में तैयार कौतिक को बनारसी रेशमी परिधान, सुनहरे मुकुट और शतरंज की बिसात के प्रतीकों से सजाया गया है। इसमें काशी के घाटों, मंदिरों और गंगा की झलक भी दिखाई गई है।

इस दौरान वाराणसी चेस एसोसिएशन एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक बजाज ने बताया कि पहली बार बनारस में इतने बड़े स्तर पर शतरंज प्रतियोगिता हो रही है। इसके माध्यम से बनारस की पारंपरिक काष्ठ कला को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से स्थानीय कारीगरों से शुभंकर तैयार कराया गया है। वही आयोजन समिति के सदस्य एवं यूपी कैरम संघ के महासचिव ए.के. रायजादा ने कहा कि कौतिक काशी का सांस्कृतिक दूत होने के साथ ही स्थानीय खिलौना उद्योग से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहन देने का माध्यम भी बनेगा।
जबकि वाराणसी चेस एसोसिएशन के सचिव तुषार सारस्वत ने बताया कि बाबतपुर स्थित सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल के कैंपस में होने वाली प्रतियोगिता में 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और 25 ग्रैंडमास्टर हिस्सा लेंगे। जिसका आयोजन ऑल इंडिया चेस फेडरेशन, उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और वाराणसी चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से होगा। यह आयोजन काशी को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

