मिर्जामुराद : शरारती तत्वों ने दो गुमटियों में लगाई आग

मिर्जामुराद : शरारती तत्वों ने दो गुमटियों में लगाई आग

वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित शिवरामपुर चट्टी पर बुधवार देर रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा एक मिठाई की दुकान में आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो गुमटियां, दो काउंटर सहित दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार शिवरामपुर गांव निवासी अवधेश पाल की मिठाई और नाश्ते की दुकान चट्टी पर स्थित है। बुधवार शाम रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात लोगों ने दुकान में आग लगा दी। आग की तेज लपटों ने कुछ ही देर में पूरी गुमटी को अपनी चपेट में ले लिया।
इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही डायल 112 पुलिस टीम की नजर आग पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल पेटीएम बारकोड के माध्यम से दुकानदार का संपर्क नंबर प्राप्त कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही अवधेश पाल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दुकान में रखा मिठाई, नाश्ते का सामान, तेल, रिफाइन, घी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, टीन सेट और हजारों रुपये नकद जल चुके थे।
सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरा ढांचा और सामान नष्ट हो चुका था। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों ने एहतियातन अपनी दुकानें और घर खाली कर दिए थे।
घटना के संबंध में पीड़ित दुकानदार ने गुरुवार को थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि आगजनी की घटना सुनियोजित हो सकती है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुटी है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   लखनऊ: मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद पूरा गौतमपल्ली थाना लाइन हाजिर
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *