होली की दावत में अमृत की दोस्तों ने ली जान
बागपत (जनवार्ता) । सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के तितरौदा गांव में 17 वर्षीय किशोर अमृत अमित शर्मा की उसके ही दोस्तों ने होली की दावत के बहाने बुलाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना गुरुवार को हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक अमृत बिनौली थाना क्षेत्र के बड़ावद गांव का निवासी था। परिवार के अनुसार, उसके दोस्त समीर ने फोन कर होली मनाने और दावत पर तितरौदा गांव बुलाया था। अमृत अपने बड़े भाई सागर तथा दोस्तों कार्तिक और बॉबी के साथ वहां पहुंचा।
घटना के दौरान समीर और उसके साथी चिकन खरीदने एक दुकान पर गए थे। इसी बीच किसी मामूली बात या कहासुनी पर अमृत के साथ विवाद हो गया। विवाद इतनी तेजी से भड़का कि आरोपियों ने अमृत पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्होंने चाकू से अमृत की गर्दन, सीने, कमर और पेट पर ताबड़तोड़ कई वार किए। गंभीर रूप से घायल अमृत मौके पर ही दम तोड़ गया।
हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि अमृत की मां और बहन फिलहाल दुबई में नौकरी कर रही हैं। बेटे की मौत की खबर सुनकर दोनों सदमे में हैं और भारत लौटने की कोशिश कर रही हैं। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में तनावपूर्ण माहौल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

