वाराणसी में फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, 12 घंटे में 9 सेंटीमीटर उछाल

वाराणसी में फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, 12 घंटे में 9 सेंटीमीटर उछाल

वाराणसी (जनवार्ता)। पिछले कुछ दिनों तक स्थिर रहने के बाद गंगा के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी शुरू हो गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, नदी का जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। बीते 12 घंटे में जलस्तर में नौ सेंटीमीटर का उछाल दर्ज किया गया है।

rajeshswari


गुरुवार रात आठ बजे वाराणसी में गंगा का जलस्तर 69.31 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी स्तर 70.262 मीटर से करीब एक मीटर नीचे है। हालांकि, लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन और घाटों के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल गंगा में नावों के संचालन पर पूरी तरह रोक जारी है।


जलस्तर बढ़ने का असर घाटों पर साफ दिखाई दे रहा है। कई छोटे घाट अब भी पानी में डूबे हुए हैं। इससे दुकानदारों, नाविकों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घाटों पर सीमित जगह बचने के कारण भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है।


नाविक शिवानंद साहनी ने बताया कि बाढ़ के पानी से घाटों पर दुकानदारों और तीर्थयात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कपड़े बदलने और स्नान के लिए जगह कम होने से श्रद्धालुओं को असुविधा हो रही है। गंगा आरती और अन्य धार्मिक गतिविधियों के लिए आने वाले लोगों को भी सीमित स्थान में ही व्यवस्था करनी पड़ रही है।


जिला प्रशासन ने लोगों से सहयोग और सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या चोरी की घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने को कहा है।
प्रशासन गंगा के जलस्तर और घाटों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल जलस्तर चेतावनी निशान से नीचे है, इसलिए बड़े बाढ़ खतरे की स्थिति नहीं है, लेकिन जलस्तर में जारी वृद्धि को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

इसे भी पढ़े   वाराणसी : घर-घर चार रंगों के डस्टबिन, सोर्स सेग्रिगेशन को मिलेगा जोर
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *