उमरहा सर्वेद मंदिर में साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन

उमरहा सर्वेद मंदिर में साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन

चौबेपुर, (जनवार्ता): स्थानीय थाना क्षेत्र के बुधवार को उमराहा सर्वेद मंदिर प्रांगण में पुलिस विभाग की ओर से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करना और उनसे बचाव के तरीके बताना है वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उपनिरीक्षक चंद्रमोहन यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर ठगी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों से अपने बैंक खातों, एटीएम पिन और ओटीपी को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं से सतर्क रहने का आग्रह किया।
इस दौरान कांस्टेबल शशि सरोज ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, वॉइस क्लोनिंग, ओएलएक्स ठगी और फर्जी लोन ऐप से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल अंजलि का विशेष योगदान रहा। उन्होंने मंदिर परिसर में एकत्रित महिलाओं और युवतियों से बातचीत करते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने महिलाओं को फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर प्रोफाइल को प्राइवेट रखने और अज्ञात लोगों से दोस्ती करने से होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया। साथ ही उन्होंने छेड़छाड़ और साइबर स्टाकिंग जैसी घटनाओं की शिकायत दर्ज कराने में आ रही झिझक को दूर करने का भी प्रयास किया।इस मौके पर स्थानीय ग्रामीण, मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने लोगों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें साइबर हेल्पलाइन नंबर वितरित किए।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   बैंक,पुलिस,रेलवे..जानिए कहां-कहां निकली है सरकारी नौकरी,किसका आने वाला है रिजल्ट
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *