धनतेरस और दीपावली पर खुले रहेंगे काशी विश्वनाथ मंदिर के कपाट
9 नवंबर दोपहर से 10 नवंबर शाम तक टिकट बुकिंग रहेगी बंद
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में धनतेरस और दीपावली के पावन अवसर पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के कपाट दोनों पर्वों पर श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। भक्त सामान्य दिनों की तरह बाबा के दर्शन कर सकेंगे और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी जारी रहेगी। हालांकि, अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों के मद्देनजर मंदिर प्रशासन ने टिकट बुकिंग को लेकर विशेष व्यवस्था लागू की है।

मंदिर प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर को मध्याह्न भोग आरती के बाद से 10 नवंबर की सायंकालीन सप्तऋषि आरती तक सभी निर्धारित आरतियों, सुगम दर्शन और रुद्राभिषेक की टिकट बुकिंग उपलब्ध नहीं रहेगी। यह निर्णय अन्नकूट पर्व से जुड़े पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और आवश्यक तैयारियों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए लिया गया है।
अन्नकूट की तैयारियों के लिए बदलेगी दर्शन व्यवस्था
अन्नकूट पर्व के आयोजन को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह के पश्चिमी द्वार के समीप पारंपरिक सजावट और अन्य तैयारियां की जाएंगी। इसके चलते पश्चिमी द्वार से आने वाले श्रद्धालुओं को गर्भगृह के अन्य निर्धारित द्वारों से दर्शन कराया जाएगा। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस विशेष व्यवस्था के दौरान भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन बंद नहीं होंगे। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक दर्शन कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
देव दीपावली पर भी होंगे बाबा के सुचारु दर्शन
मंदिर न्यास ने यह भी स्पष्ट किया है कि 24 नवंबर को देव दीपावली के अवसर पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन सुचारु रूप से संचालित रहेंगे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि धार्मिक परंपराओं का विधिवत निर्वहन करने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे पर्व के दौरान मंदिर प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करें और दर्शन व टिकट बुकिंग से संबंधित जानकारी के लिए मंदिर के आधिकारिक सूचना माध्यमों पर ही भरोसा करें।

