प्रयागराज : मां ने 5 माह के मासूम की पत्थर मारकर की हत्या

प्रयागराज : मां ने 5 माह के मासूम की पत्थर मारकर की हत्या

लकड़ियों के ढेर में छिपाया शव

प्रयागराज (जनवार्ता)। जिले के सरायममरेज थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में एक मां द्वारा अपने ही पांच माह के मासूम बेटे की हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पति से हुए विवाद के बाद महिला ने गुस्से में आकर पत्थर से वार कर बच्चे की हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को घर के टीनशेड में रखे लकड़ियों के ढेर के नीचे छिपा दिया।
जानकारी के अनुसार, पिलखिनी गांव निवासी संतोष यादव खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके पिता मुंबई में निजी काम करते हैं जबकि मां का पहले ही निधन हो चुका है। घर में उनके बाबा हरिलाल यादव रहते हैं। करीब पांच महीने पहले संतोष की पत्नी मनोरमा ने बेटे को जन्म दिया था, जिसका नाम ईश्वर रखा गया था।
आए दिन होता था पति-पत्नी में विवाद
पड़ोसियों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बीते तीन-चार दिनों से दोनों के बीच लगातार झगड़ा हो रहा था। 11 मार्च को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद संतोष गुस्से में घर से काम पर निकल गया। उस समय घर में मनोरमा, उसका पांच माह का बेटा और बाबा हरिलाल यादव मौजूद थे।
लकड़ियों के ढेर के नीचे मिला शव
शाम के समय जब बच्चे के रोने की आवाज नहीं आई और वह कहीं दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले मनोरमा से पूछताछ की गई, लेकिन उसने अनभिज्ञता जताई। इसके बाद संतोष को फोन कर बुलाया गया। जब घर के टीनशेड वाले कमरे में खोजबीन की गई तो लकड़ियों के ढेर के नीचे बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। आसपास खून फैला हुआ था।
पूछताछ में महिला ने कबूला जुर्म
बच्चे की हालत देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। जब पति और परिजनों ने मनोरमा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। महिला ने बताया कि शाम करीब छह बजे पति से हुए विवाद के बाद गुस्से में उसने बच्चे पर पत्थर से वार कर दिया। पत्थर लगने से बच्चे का पेट फट गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घबराकर उसने शव को लकड़ियों के ढेर में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अतुल मिश्रा ने बताया कि बच्चे के बाबा हरिलाल यादव की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   प्रयागराज : आर्मी ट्रक ने स्कूटी सवार युवती को कुचला, मौके पर ही मौत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *