कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा को ट्रक ने रौंदा, 25 फीट तक घिसटती गई; चालक की पिटाई के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
प्रयागराज (जनवार्ता)। जिले के फूलपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से छात्रा साइकिल समेत करीब 25 फीट तक घिसटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
मृतका की पहचान रैनी गांव निवासी आनंद बहादुर यादव की बेटी प्राची यादव के रूप में हुई है। वह आदर्श इंटर कॉलेज की 11वीं कक्षा की छात्रा थी और सुबह करीब साढ़े सात बजे साइकिल से मैलहन गांव स्थित कोचिंग के लिए जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही छात्रा मैलहन गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (UP70CT6566) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही छात्रा साइकिल समेत करीब 25 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद छात्रा का बैग और किताबें सड़क पर बिखर गईं।
चालक भागने लगा, ग्रामीणों ने पकड़कर की पिटाई
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। ग्रामीणों ने बाइक से पीछा कर करीब 200 मीटर दूर उसे रोक लिया। खुद को घिरता देख चालक ट्रक छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा, लेकिन लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया।
ट्रक में तोड़फोड़, सड़क पर लगाया जाम
हादसे से आक्रोशित लोगों ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए और पहियों की हवा निकाल दी। ट्रक में लदी मैदे की 20–25 बोरियां उतारकर सड़क पर रख दीं और जाम लगा दिया। हंगामे की सूचना पर एसीपी फूलपुर विवेक यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।


