अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई, जेसीबी से ढहाया गया अवैध निर्माण, मुकदमा दर्ज
चौबेपुर (जनवार्ता) ।स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव खेतलपुर में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने शुक्रवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार जाल्हूपुर की अध्यक्षता में गठित राजस्व टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अंजाम दी।

प्रशासन को मिली शिकायत के अनुसार, आराजी नंबर 12 रकबा 0.194 हेक्टेयर नवीन परती के आंशिक भाग पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से अस्थाई निर्माण कर लिया था। इस संबंध में 27 जनवरी को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन आरोपियों ने निर्माण नहीं हटाया। इसके चलते शुक्रवार को नायब तहसीलदार जाल्हूपुर शैलेश सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने जेसीबी की मदद से विजय शंकर और रमाशंकर, निवासी खुटहना द्वारा कराए गए अवैध अस्थाई निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने और जेसीबी के आगे बार-बार लेटकर काम रोकने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद राजस्व विभाग की टीम में राजस्व निरीक्षक शिवनाथ प्रसाद, अशोक शर्मा, क्षेत्रीय लेखपाल नीतिका सिंह, पुष्पेंद्र कनौजिया, लवकुश चक्रवर्ती, संजय पटेल, श्यामानंद सागर और बलराम यादव शामिल रहे। स्थानीय चौबेपुर पुलिस बल भी मजबूती के साथ मौजूद रहा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
नायब तहसीलदार शैलेश सिंह ने जनवार्ता प्रतिनिधि से बताया कि नियमानुसार अस्थाई अतिक्रमण हटाकर जमीन कब्जा मुक्त करा दी गई है। उन्होंने बताया कि राजस्व निरीक्षक को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएं, जिसमें कार्रवाई में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जा सके। वहीं थाना प्रभारी चौबेपुर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने जनवार्ता प्रतिनिधि को बताया कि लिखित शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है

