कान में दर्द की शिकायत के बाद पायलट ने विमान ले जाने से किया मना, यात्रियों को कराया गया डी-बोर्ड

कान में दर्द की शिकायत के बाद पायलट ने विमान ले जाने से किया मना, यात्रियों को कराया गया डी-बोर्ड

वाराणसी (जनवार्ता)। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की वाराणसी-बेंगलुरु उड़ान के पायलट ने तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए विमान उड़ाने से इनकार कर दिया। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची सीआईएसएफ क्यूआरटी और एयरलाइंस के अधिकारियों ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6559 को वाराणसी एयरपोर्ट से करीब 178 यात्रियों को लेकर सुबह 11:55 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होना था। सभी जांच प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यात्री विमान में सवार भी हो चुके थे। इसी दौरान पायलट ने कान में दर्द होने की शिकायत करते हुए विमान ले जाने से मना कर दिया।

पायलट के इनकार की जानकारी मिलते ही यात्रियों में नाराजगी फैल गई। निर्धारित समय पर उड़ान नहीं होने से यात्रियों ने एयरलाइंस कर्मचारियों से सवाल-जवाब शुरू कर दिए और देखते ही देखते नोकझोंक की स्थिति बन गई। सूचना पर सीआईएसएफ क्यूआरटी के जवानों के साथ इंडिगो के अधिकारी मौके पर पहुंचे और यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का भरोसा दिलाया।

इसके बाद विमान से सभी यात्रियों को डी-बोर्ड कर टर्मिनल भवन में बैठाया गया। एयरलाइंस की ओर से दूसरे पायलट की व्यवस्था की जा रही थी। जानकारी के मुताबिक दूसरे पायलट को दिल्ली से विमान के जरिये वाराणसी बुलाया जा रहा है और उसके पहुंचने के बाद उड़ान को करीब शाम 4:30 बजे रवाना किए जाने की तैयारी है।

पिछले सप्ताह भी सामने आया था ऐसा मामला

बाबतपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ान में पायलट द्वारा स्वास्थ्य कारणों से विमान ले जाने से इनकार करने का यह मामला कुछ ही दिनों में दूसरी बार सामने आया है। इससे पहले बीते गुरुवार को मुंबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान के पायलट ने भी तबीयत खराब होने का हवाला देकर उड़ान भरने से इनकार कर दिया था। इसके बाद हैदराबाद से दूसरे पायलट को बुलाया गया था और करीब चार घंटे की देरी के बाद विमान उड़ान भर सका था।

इसे भी पढ़े   वाराणसी : पीआईबी में ली गयी स्वच्छता की शपथ
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *