वाराणसी: लिव-इन रिलेशनशिप में 8 साल तक महिला का यौन शोषण
आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) । सारनाथ थाना क्षेत्र के सोना तालाब इलाके में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने आरोप लगाया है कि मिर्जापुर जिले के निवासी सागर पुत्र जयप्रकाश ने शादी का लालच देकर उसका लगभग आठ वर्षों तक यौन शोषण किया।


पीड़िता की तहरीर के अनुसार, आरोपी सागर उसके घर के पास अपने रिश्तेदार के यहां नियमित रूप से आता-जाता था। इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई और सागर ने अपनी मीठी बातों से युवती को फंसाया। शादी का वादा करके उसने शारीरिक संबंध बनाए, जो सालों तक जारी रहा। जब भी पीड़िता शादी की बात करती, तो सागर उसे टाल देता और स्पष्ट इनकार कर देता।
इसके बाद युवती ने पूरे मामले की जानकारी अपने परिवार को दी। परिवार ने भी दोनों की शादी कराने के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। आखिरकार न्याय की उम्मीद में पीड़िता ने सारनाथ पुलिस से संपर्क किया।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

