तुलसी घाट : गंगा स्नान के दौरान गोरखपुर से आए डूबे दो
एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
वाराणसी (जनवार्ता) : काशी के प्रसिद्ध तुलसी घाट पर रविवार सुबह गंगा में स्नान करते समय गोरखपुर जिले से आए दो बालकों के डूबने की घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। हादसे में 18 वर्षीय निखिल गुप्ता का शव एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया है, जबकि 12 वर्षीय आयुष उर्फ भोले की तलाश अभी भी जारी है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट पर गोरखपुर से परिवार के साथ घूमने आए आयुष उर्फ भोले (पुत्र अनिल कुमार गुप्ता, निवासी ग्राम खरकूटा, पोस्ट डुमरैला, थाना झगहां, जिला गोरखपुर, उम्र 12 वर्ष) और निखिल गुप्ता (पुत्र पिंटू गुप्ता, निवासी ग्राम पाण्डेयपार, पोस्ट कौड़ीराम, थाना कौड़ीराम, जिला गोरखपुर, उम्र 18 वर्ष) गंगा स्नान कर रहे थे। अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

सूचना मिलते ही अस्सी चौकी प्रभारी, एनडीआरएफ की टीम और जल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने निखिल गुप्ता का शव बरामद कर लिया, जबकि छोटे आयुष की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। सर्च ऑपरेशन जारी है।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे काशी दर्शन के लिए आए थे और घाट पर स्नान के दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन गहरा सदमा में हैं और मातम का माहौल है।

