कमांड सेंटर की टीम ने चार घंटे में खोज निकाला ऑटो में छूटा आभूषणों से भरा बैग
व्यापारी को सुरक्षित लौटाए सोने-चांदी के गहने और नकदी
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के कमांड सेंटर की तत्परता से ऑटो में छूटा आभूषणों से भरा बैग महज चार घंटे में बरामद कर लिया गया। बैग में सोने के मंगलसूत्र, कान की बालियां, चांदी की पायल, चार हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन रखा था। पुलिस ने बरामद सामान सुरक्षित उसके मालिक को सौंप दिया।

कमांड सेंटर प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश सिंह के अनुसार, आजमगढ़ जनपद के सिधारी निवासी एक व्यापारी शुक्रवार को ऑटो से सारंग चौराहे से गोइठहां रिंग रोड की ओर जा रहे थे। रास्ते में उतरते समय वह अपना बैग ऑटो में ही भूल गए। कुछ देर बाद बैग की याद आने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
अपर पुलिस उपायुक्त काशी के निर्देश पर सिगरा स्थित कमांड सेंटर की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सारंग चौराहे से गोइठहां रिंग रोड के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। कैमरों की मदद से संबंधित ऑटो की पहचान कर उसमें छूटा बैग बरामद कर लिया गया।
चार घंटे के भीतर पूरा सामान मिलने पर व्यापारी ने राहत की सांस ली और वाराणसी पुलिस व कमांड सेंटर की टीम की सराहना की।
बैग बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश सिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार प्रजापति, अजीत यादव और भूपेंद्र कुमार शामिल रहे।

