दालमंडी चौड़ीकरण : 27 मार्च से शुरू होगी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के ऐतिहासिक और व्यस्त थोक बाजार दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण अभियान को प्रशासन ने नई गति प्रदान की है। चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत चल रहे इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के तहत सोमवार को प्रशासन ने क्षेत्र में मुनादी (लाउडस्पीकर से प्रचार) कराई गई। प्रभावित भवन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जिन भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, वे तुरंत अपने मकान और दुकानें खाली कर लें, ताकि ध्वस्तीकरण प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू की जा सके।

प्रशासन ने आधिकारिक रूप से घोषणा की है कि 27 मार्च से ध्वस्तीकरण की औपचारिक कार्यवाही शुरू हो जाएगी। यह अभियान लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कैंप कार्यालय के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य दालमंडी मार्ग को चौड़ा करके श्री काशी विश्वनाथ मंदिर (गेट नंबर 4) तक श्रद्धालुओं की पहुंच को आसान बनाना है। इससे पुरानी संकरी गलियों में यातायात की समस्या काफी हद तक दूर होगी और तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
प्रभावित भवन स्वामियों और दुकानदारों को सलाह दी गई है कि वे अधिक जानकारी, सहायता या कोई शिकायत के लिए चौक थाने स्थित कैंप कार्यालय में संपर्क करें। प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे इस सार्वजनिक विकास कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि परियोजना निर्धारित समय पर पूरी हो सके और किसी प्रकार की बाधा न आए।
यह अभियान काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से जुड़ी बड़ी विकास योजनाओं का हिस्सा है, जिसके तहत दालमंडी मार्ग को लगभग 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। इससे शहर के पुराने इलाके में यातायात सुगम होगा और लाखों श्रद्धालुओं को लाभ पहुंचेगा।

