एचआईवी/एड्स पर पुलिस अधिकारियों के लिए संवेदीकरण कार्यशाला सम्पन्न
वाराणसी (जनवार्ता) । जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी के तत्वावधान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. प्रसाद के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के लिए एचआईवी/एड्स संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।


कार्यशाला की अध्यक्षता डॉ. पीयूष राय, जिला क्षय रोग अधिकारी एवं प्रभारी दिशा वाराणसी मंडल ने की। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाओं से प्राप्त ज्ञान का उपयोग समाज में एचआईवी के प्रसार को रोकने तथा एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए करना चाहिए।

मुख्य अतिथि वाराणसी कमिश्नरेट की अपर पुलिस उपायुक्त नम्रता श्रीवास्तव ने एचआईवी प्रिवेंशन एवं कंट्रोल एक्ट 2017 की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि एचआईवी प्रभावित व्यक्तियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करना और उनकी गोपनीयता का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

डॉ. प्रीति अग्रवाल, सीनियर मेडिकल ऑफिसर, एआरटी सेंटर पीपीडीयू ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से एचआईवी/एड्स के संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. मनोज कुमार तिवारी, वरिष्ठ परामर्शदाता, एआरटी सेंटर, आईएमएस, बीएचयू ने कहा कि जागरूकता ही एचआईवी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से अपील की कि अपना एचआईवी परीक्षण अवश्य कराएं, जो सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध है।
मनीष कुमार सिंह (दिशा वाराणसी मंडल) ने जनपद में उपलब्ध एचआईवी जांच एवं उपचार सेवाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का संचालन डीएमडीओ चेतन श्रीवास्तव ने किया, जबकि स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन क्लीनिकल सर्विस ऑफिसर पूनम गुप्ता ने किया।
कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देवेंद्र कुमार गुप्ता को डॉ. पीयूष राय द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदीप कुमार मौर्य, प्रांजल कुमार सिंह, सुमन कुमार, रिशु सरोज, गायत्री गुप्ता एवं मोहसिन ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

