भाजपा कार्यालय में थप्पड़कांड आजमगढ़ जिला अध्यक्ष पर प्रभारी से मारपीट का आरोप
पीड़ित बोला— 30 साल पार्टी की सेवा की, फिर भी मिला अपमान; जिला अध्यक्ष ने कहा— विरोधियों की साजिश
आजमगढ़, (जनवार्ता)।जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में सोमवार रात कथित मारपीट की घटना ने संगठन के भीतर हलचल बढ़ा दी है। कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव ने भाजपा जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह पर थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
रामचंद्र यादव के अनुसार, रात में भोजन बनने के बाद वह पार्टी कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह वहां पहुंचे और कथित तौर पर बिना किसी स्पष्ट कारण के उन्हें चार से पांच थप्पड़ मार दिए। घटना से आहत यादव ने कहा कि वह पिछले लगभग तीन दशकों से पार्टी से जुड़े हैं और हमेशा संगठन के प्रति निष्ठावान रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं पार्टी का सिपाही हूं। अगर मुझे पद से हटाना था तो सीधे कहा जा सकता था, लेकिन इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमानित करना बेहद दुखद है।”
पीड़ित ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय करेगा, वह उसे स्वीकार करेंगे।
इस घटना के बाद पार्टी कार्यालय में यह चर्चा भी तेज हो गई कि रात के समय जिला अध्यक्ष के पहुंचने की वजह क्या थी और क्या वहां कोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम था।
वहीं, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पार्टी के भीतर असंतुष्ट लोगों की साजिश बताया है। उनका कहना है कि कुछ लोग पद और प्रतिष्ठा न मिलने से नाराज हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने किसी भी प्रकार की मारपीट या अभद्र व्यवहार से इनकार किया है।
गौरतलब है कि इसी दिन जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ था। ऐसे महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजन के दिन पार्टी कार्यालय में इस तरह के विवाद के सामने आने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
इस मामले पर गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि उन्हें अभी तक घटना की औपचारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ऐसा हुआ है तो यह बेहद निंदनीय है। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और इस प्रकार की किसी भी घटना को स्वीकार नहीं किया जा सकता।


