वाराणसी में ऑनलाइन सुविधा का विस्तार: अब घर बैठे मिलेंगे NOC प्रमाण पत्र
वाराणसी(जनवार्ता)।शहरवासियों को बेहतर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में वाराणसी विकास प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्राधिकरण ने अपने सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छह प्रकार के अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने हेतु विकसित सॉफ्टवेयर को आम जनता के लिए लॉन्च कर दिया।

इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए लोगों को बार-बार प्राधिकरण के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और श्रम दोनों की हानि होती थी।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर सकेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उन्हें प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
प्राधिकरण के अनुसार, इन प्रमाण पत्रों के निर्गमन के लिए अधिकतम 7 दिन की समय सीमा तय की गई है, जिससे पारदर्शिता और त्वरित सेवा सुनिश्चित हो सके।
यह पहल डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम जनता को राहत प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। शहरवासियों को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से कार्यप्रणाली और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी होगी।

