शाम होते ही पिसौर पुल के पास सज रही शराबियों की महफिल, स्थानीय लोग भयभीत
लोहता (जनवार्ता)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिसौर पुल के पास इन दिनों शाम ढलते ही खुलेआम शराब पीने वालों की महफिल सजने लगी है। पुल के पास स्थित बाड़ू बीर बाबा मंदिर के ठीक सामने नशेड़ियों ने अपना स्थायी ठिकाना बना लिया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

बताया जा रहा है कि इसी रास्ते से रोजाना हजारों महिलाएं, बच्चे और छात्र-छात्राएं खरीदारी और कोचिंग के लिए आते-जाते हैं, लेकिन शाम होते ही वहां का माहौल असुरक्षित हो जाता है। राहगीरों को डर सताता रहता है कि कहीं कोई अप्रिय घटना न हो जाए। इस कारण कई लोग उस रास्ते से गुजरने से कतराने लगे हैं, जिससे आसपास के दुकानदारों का भी व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस इस समस्या से पूरी तरह अवगत होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। कभी-कभार थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर केवल औपचारिकता निभाते हुए लौट जाते हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रहती है।
क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई घटनाएं भी लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। कुछ समय पहले पिसौर पुल के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला था, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। वहीं भरथरा कस्बे में सोने-चांदी की दुकान में शटर तोड़कर लाखों की चोरी की घटना भी अब तक अनसुलझी है। इतना ही नहीं, थाने के पास से ही चार बकरियों के चोरी होने के मामले में भी पुलिस की निष्क्रियता सामने आई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कस्बा चौकी इंचार्ज का रवैया भी लापरवाही भरा है। शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों की समस्याएं ठीक से सुनी तक नहीं जातीं। इससे जनता में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि लोहता थाना और संबंधित चौकी के कार्यप्रणाली में सुधार लाया जाए तथा पिसौर पुल क्षेत्र में शाम के समय नियमित पुलिस गश्त और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन सुरक्षित महसूस कर सकें।

