उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा निवेश का केंद्र बनने की ओर अग्रसर
वाराणसी में सौर ऊर्जा से 35000 से अधिक घर हो रहें हैं रोशन

यूपीएक्स 2026 आयोजन 7–9 मई को लखनऊ में
वाराणसी (जनवार्ता) ।उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (UPEX) 2026के लिए प्री-इवेंट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आज बुधवार को विकास भवन,वाराणसी में किया गया।
इस पहल का आयोजन यूपी स्टेट चैप्टर पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स और फर्स्ट व्यू द्वारा, यूपीनेडा (उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण), उत्तर प्रदेश सरकार तथा सेवा(SEVA) के सहयोग से, केईआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड के समर्थन में किया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य फोकस ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ पर रहा, जिसमें उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लेकर सौर ऊर्जा क्षेत्र में उभरते अवसरों, नीतिगत ढांचे और राज्य में बढ़ती संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रखर कुमार सिंह, आईएएस, मुख्य विकास अधिकारी, वाराणसी ने कहा कि राज्य के सतत विकास के लिए नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना एवं पीएम-कुसुम योजना जैसे प्रमुख प्रयास घरों, किसानों और उद्योगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो रही है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य योजना के तहत वाराणसी में सिर्फ मार्च माह में 3122 सोलर पैनल्स पैनल्स का इंस्टॉलेशन हुआ और 31 मार्च तक कुल 35069 सोलर पैनल्स का इंस्टालेशन कर वाराणसी राज्य में दूसरे नंबर पर है।
प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पंकज श्रीवास्तव, सम्मेलन सह-संयोजक, यूपीईएक्स 2026 ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो 2026 का आयोजन 7 से 9 मई 2026 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय एक्सपो में देश-विदेश से 150 से अधिक प्रदर्शक और 60 से अधिक वक्ता भाग लेंगे, जो 10 थीमैटिक सत्रों के माध्यम से तकनीक, नीति और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
सरिता कुमारी, सहायक आयुक्त,डीआईसी, वाराणसी ने कहा कि सौर ऊर्जा पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों का एक प्रभावी विकल्प बनकर उभर रही है। उन्होंने बताया कि यूपी एक्स 2026 में यूपी ईवी एक्सपो, यूपी स्मार्ट ग्रिड एक्सपो और यूपी स्टोरेज एक्सपो जैसे विशेष खंड भी शामिल होंगे।
सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए शशि कुमार गुप्ता, परियोजना अधिकारी, वाराणसी, यूपीनेडा ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और पीएम-कुसुम योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के तहत उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा अपनाने में अग्रणी राज्य बन सकता है।
उन्होंने जमीनी स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा का व्यापक उपयोग ग्रामीण विकास, ऊर्जा पहुंच और आर्थिक सुदृढ़ता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर पुनीत कुमार सेठ, उप. मैनेजर- सेल्स एंड मार्केटिंग (बीएच), वाराणसी केईआई इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने भी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों पर अपने विचार साझा किए।
विशाल जथार, क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक, सिगनर्जी ने कहा कि यह एक्सपो राज्य में सौर ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा और इससे सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
अविनाश अग्रवाल, एलडीएम, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बताया कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों ही प्रतिबद्ध है सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों में पीएम सूर्य घर योजना और अन्य सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए आसानी से ऋण व्यवस्था भी उपलब्ध है, जिसमें सरकार द्वारा सब्सिडी की भी व्यवस्था है।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन देते हुए शैलेन्द्र श्रीवास्तव, रेजिडेंट ऑफिसर यूपी स्टेट चैप्टर पीएचडी चैम्बर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि यूपी एक्स 2026 का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने बताया कि एक्सपो में रूफटॉप सोलर, बड़े पैमाने पर सौर परियोजनाएं, कमर्शियल एवं इंडस्ट्रियल (C&I) समाधान, इलेक्ट्रिक वाहन, स्मार्ट ग्रिड और ऊर्जा भंडारण से जुड़ी नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एक्सपो से पूरे राज्य भर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें आगामी कार्यक्रम 17 अप्रैल को गोरखपुर और 24 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित होंगे।

