नहर किनारे पुरानी रंजिश में युवक की बेरहम पिटाई, इलाज के दौरान मौत; दो गिरफ्तार
चौबेपुर (जनवार्ता)।स्थानीय थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को युवकों ने एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई करने से इलाज के दौरान मौत की घटना प्रकाश में आई है मिली जानकारी अनुसार धौरहरा गांव निवासी राजीव मिश्रा ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके भाई संजय मिश्रा मंगलवार की शाम अपने घर से मोटरसाइकिल से उगापुर गए थे। वापस लौटते समय उगापुर कटेसर नहर के पास अचानक चार पहिया वाहन में सवार चार व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया।शिकायत के अनुसार, इनमें शिषा सिंह, ढुल्लू (दोनों उपरोक्त स्थान के निवासी) तथा दो अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। आरोप है कि सभी चारों ने गाड़ी से उतरकर संजय को माँ-बहन की गालियाँ दीं और पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ सड़क पर बुरी तरह मारपीट की। इससे संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।


ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार के लिए नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से हालत गंभीर देखते हुए उसे पंडित दीनदयाल अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि मध्यरात्रि में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने संजय मिश्रा को मृत घोषित कर दिया।इस संबंध में चौबेपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्यवाही की जा रही है। फरार दो अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

