गाजीपुर : फार्मासिस्ट की जिंदा जलकर मौत, लाखों की संपत्ति स्वाहा

गाजीपुर : फार्मासिस्ट की जिंदा जलकर मौत, लाखों की संपत्ति स्वाहा

गाजीपुर (जनवार्ता)। दिलदारनगर बाजार के इंदिरा नगर स्थित चूड़ी गली में गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक मकान में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में कोहराम मचा दिया। इस हादसे में 35 वर्षीय फार्मासिस्ट अंकित मिश्रा की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लाखों रुपये की दुकान का स्टॉक और संपत्ति राख हो गई।

rajeshswari

मृतक अंकित मिश्रा अरंगी गांव के निवासी थे और दिलदारनगर में गुड्डू अहमद के किराए के मकान में मेडिकल स्टोर चला रहे थे। घटना के समय वह दुकान के अंदर बने गोदाम के बाथरूम में थे। मकान के पीछे बने टीनशेड में अचानक आग लग गई। तेज हवा और ज्वलनशील सामग्री की वजह से आग देखते-ही-देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले ली।

स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। आसपास के घरों से समरसेबल पंप के माध्यम से पानी डालकर स्थानीय लोगों और पुलिस ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक अंकित मिश्रा बाहर नहीं निकल पाए और धुएं एवं लपटों में फंसकर जिंदा जल गए।

परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं। इस घटना से पूरे परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। अंकित मिश्रा के बेटे का मुंडन संस्कार भी निकट भविष्य में तय था, लेकिन पिता की अकाल मृत्यु ने सब कुछ अस्त-व्यस्त कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट या टीनशेड में रखे ज्वलनशील पदार्थों से आग लगी हो सकती है।

इसे भी पढ़े   नशीली दवाओं सहित ग्यारह शातिर को पुलिस ने दबोचा

स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने प्रशासन से आग से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने और पुरानी बिजली लाइनों की जांच कराने की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि घर-दुकान में ज्वलनशील सामान रखने और बिजली की पुरानी वायरिंग से कितना बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *