काशी दौरे पर पीएम मोदी, 3000 करोड़ की परियोजनाएं तैयार
वाराणसी, (जनवार्ता) । नरेंद्र मोदी 27 अप्रैल की शाम अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की टीम ने काशी के विकास कार्यों की समीक्षा की है, जबकि स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें जारी हैं। सोशल सेक्टर की परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिनके आधार पर अंतिम सूची तय होगी। सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान विकास कार्यों के साथ राजनीतिक संदेश भी दे सकते हैं।
जनपद में लगभग 17,862 करोड़ रुपये की लागत से 127 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें से कई पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री कज्जाकपुरा और कादीपुर रेल ओवर ब्रिज, चंद्रावती क्षेत्र के विकास कार्य, यूपी कॉलेज के एस्ट्रो टर्फ मैदान, भगवानपुर स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पांडेयपुर से आजमगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण, Banaras Hindu University में क्रिटिकल केयर यूनिट और रामनगर के वृद्धा आश्रम का लोकार्पण कर सकते हैं।
इसके अलावा नगर निगम के नए भवन, लोहता में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 18 वार्डों की सीवर व पेयजल योजना, राजघाट पुल व रेलवे लाइन तथा कबीरचौरा में प्रस्तावित मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल का शिलान्यास भी संभावित है। प्रशासन का दावा है कि इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। पीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

