ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 13 लाख की ठगी, महिला अफसर फंसी झांसे में
वाराणसी (जनवार्ता) । धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में साइबर ठगों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। अब वे ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर आम लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डाल रहे हैं। ताजा मामला शिवपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला अफसर को भारी मुनाफे का लालच देकर ठगों ने 13 लाख 10 हजार रुपये ठग लिए।

पीड़िता ने शिवपुर पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर कम समय में बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। लालच में उसने अलग-अलग तारीखों में कुल चार किश्तों में 13.10 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए।
ठगों ने एक फर्जी ऐप या वेबसाइट के जरिए लगातार मुनाफे के आंकड़े दिखाकर पीड़िता का भरोसा जीता रखा। जब पीड़िता ने 20 अप्रैल को अपनी जमा राशि और उस पर दिखाए गए मुनाफे को निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने नए-नए नियमों और टैक्स का हवाला देकर भुगतान करने से मना कर दिया। इसके बाद जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला और ठगी का राज खुल गया।
पीड़िता की शिकायत पर शिवपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। पुलिसए विभिन्न बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल्स और फर्जी ऐप की जांच कर रही है। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म आमतौर पर विदेशी सर्वर पर चलते हैं और मुनाफा दिखाकर पीड़ित को बार-बार पैसे लगाने के लिए उकसाते हैं। प्रभारी निरीक्षक थाना शिवपुर ने पूछे जाने पर बताया कि महिला किसी विभाग में अफसर के पद पर तैनात है उन्होंने पीड़िता का नाम गुप्त रखने की अपील की ।

