प्रधानमंत्री के आह्वान पर महापौर पहुंचे पैदल नगर निगम कार्यालय
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत के संदेश का असर अब जनप्रतिनिधियों में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी गुरुवार को अपने आवास से पैदल चलकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे।

तेज धूप के बावजूद महापौर को सड़क पर पैदल चलते देख राहगीर और आमजन भी प्रभावित नजर आए। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पर्यावरण संरक्षण तथा ईंधन बचाने की अपील की है। उसी संदेश को आत्मसात करते हुए उन्होंने सप्ताह में एक दिन पैदल चलकर कार्यालय आने का निर्णय लिया है।
महापौर ने नगर निगम कर्मचारियों से भी अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का प्रयोग न करें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन या पैदल चलने को बढ़ावा दें।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से पहले ही प्रत्येक शनिवार को “नो फ्यूल डे” मनाने का निर्णय लिया गया है। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने गुरुवार को पैदल कार्यालय पहुंचकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
महापौर के इस कदम की शहर में सराहना हो रही है। नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी भी इस अभियान से जुड़ने की तैयारी में हैं। साथ ही नगर निगम द्वारा ई-वाहनों और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

