उमराहा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, तीन घायल
वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमराहा बाजार में गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार भदोही जनपद निवासी लता विश्वकर्मा (30), सोनी विश्वकर्मा (26) और रवि विश्वकर्मा (28) मिर्जामुराद में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों उमराहा स्थित स्वर्वेद महामंदिर के दर्शन के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उमराहा बाजार के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सीएचसी नरपतपुर पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. रामजतन राम ने बताया कि घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है और उनकी हालत अब स्थिर है। सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

