दीवार से टकराकर ट्रक ड्राइवर की मौत

दीवार से टकराकर ट्रक ड्राइवर की मौत

वाराणसी  (जनवार्ता): बड़ागांव थाना के हरहुआ चौकी अंतर्गत वाजिदपुर गांव में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। पंचक्रोशी मार्ग पर मिठाई गिरने की सूचना सुनकर पीछे मुड़ते समय बाइक अनियंत्रित हो गई और दीवार से टकराकर 42 वर्षीय ट्रक चालक राजेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

rajeshswari

राजेश यादव पेशे से ट्रक ड्राइवर थे। वह 15 दिन की ड्यूटी के बाद सोमवार रात घर लौटे थे और मंगलवार शाम को दोबारा ड्यूटी पर जाने वाले थे। सुबह वह रिश्तेदार के लिए रिंग रोड चौराहे से मिठाई लेकर घर लौट रहे थे। घर से महज 100 मीटर पहले मिठाई सड़क पर गिर गई। पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने उन्हें आवाज दी। राजेश ने चलती बाइक पर पीछे मुड़कर देखने की कोशिश की, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी दीवार से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मृतक की पत्नी सुनीता यादव पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए पंचकोशी यात्रा पर निकली हुई थीं। यात्रा के तीसरे पड़ाव रामेश्वर की ओर बढ़ रही सुनीता जब राजातालाब स्थित भैरवनाथ मंदिर के पास पहुंचीं, तभी उन्हें पति की मौत की सूचना मिली। यह सुनकर सुनीता चीख-पुकार मचाने लगीं। उनके साथ यात्रा पर गई गांव की करीब दो दर्जन महिलाएं भी रो पड़ीं। यात्रा बीच में रोककर सभी महिलाएं सुनीता को संभालते हुए गांव लौट आईं।

इसे भी पढ़े   शहर की स्वच्छता और सड़क मरम्मत होगी प्राथमिकता: नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल

राजेश यादव सात भाई-बहनों में छठे नंबर पर थे। उनके दो बेटे लकी (17) और गोलू (15) हैं। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि राजेश परिवार की मुख्य आजीविका थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Shiv murti

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *