काशी तमिल संगमम से पहले अस्सी घाट पर सजी संस्कृति की रंगोली

काशी तमिल संगमम से पहले अस्सी घाट पर सजी संस्कृति की रंगोली

स्कूली बच्चों ने बिखेरे रंग

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी तमिल संगमम 5.0 के आयोजन से पहले काशी में सांस्कृतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को अस्सी घाट पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) की ओर से रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और शहर के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

rajeshswari

अस्सी घाट पर बच्चों ने विभिन्न विषयों और संदेशों पर आधारित आकर्षक रंगोलियां बनाईं। रंग-बिरंगी कलाकृतियों ने घाट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। रंगोलियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचे। लोगों ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

गौरतलब है कि काशी तमिल संगमम 5.0 का आयोजन 28 नवंबर से शुरू होगा। इस बार आयोजन की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिल्वोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। तिरुक्कुरल प्राचीन तमिल साहित्य का महत्वपूर्ण ग्रंथ है, जिसकी रचना कवि एवं दार्शनिक तिरुवल्लुवर ने की थी। यह ग्रंथ नैतिकता और सदाचार की शिक्षा देता है। इसके तीन प्रमुख भाग अरम् (धर्म), पोरुळ् (अर्थ) और इऩ्बम् (काम) हैं, जो आगे वीडु (मोक्ष) का मार्ग प्रशस्त करते हैं। संगमम के माध्यम से इन शिक्षाओं और जीवन मूल्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर में संध्या भजन का भी आयोजन किया गया।

काशी तमिल संगमम के कोऑर्डिनेटर अंचल श्रीवास्तव ने बताया कि बीएचयू की ओर से प्री-इवेंट गतिविधियों के आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को संगमम से जोड़ना है। रंगोली प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों और आमजन में आयोजन के प्रति उत्साह पैदा किया जा रहा है। मुख्य आयोजन से पहले होने वाले कार्यक्रमों के जरिए काशी और तमिलनाडु की सांस्कृतिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

इसे भी पढ़े   सनसनी : वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक ने खुद को मारी गोली
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *