देव दीपावली पर 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना, सुरक्षा में तैनात होंगे 3000 पुलिसकर्मी
वाराणसी (जनवार्ता)। देव दीपावली पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। जिसको लेकर रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ गोदौलिया से बोट द्वारा चेतसिंह घाट होते हुए नमोघाट तक भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इसमें गंगा के जलमार्ग, प्रमुख घाटों, नौका संचालन और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। जहाँ देव दीपावली पर 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।


इसके मद्देनजर गंगा में अस्थायी पुलिस स्टेशन स्थापित करने के साथ रेस्क्यू बोट और वाटर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। नावों के लिए आने-जाने के अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे। नौकाओं पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर रोक और लाइफ जैकेट अनिवार्य होगी। सुरक्षा के लिए 25 से अधिक आईपीएस, 50 से अधिक पीपीएस अधिकारियों और 3000 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। इसमें सीआरपीएफ, पीएसी और क्यूआरटी भी मुस्तैद रहेंगी। घाटों पर सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी होगी। यातायात डायवर्जन, पार्किंग, चिकित्सा और अग्निशमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। गंगा घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। वही लेजर शो, गंगा आरती, आतिशबाजी और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे। पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण देकर श्रद्धालुओं से सम्मानजनक एवं विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। इस जायजा में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, किरीट राठोड सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

