नैनीताल : खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। भवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास रोड पर हुई। यूपी नंबर की महिंद्रा कार भवाली स्थित ढैला गांव से करीब 500 मीटर पहले अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक बच्चे समेत दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई गहरी होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाहन नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होने की जताई जा रही है।

