काजीपुरा खुर्द में जल निकासी निर्माण कार्य का शिलान्यास
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड काजीपुरा खुर्द (सोनिया) में शनिवार को जल निकासी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। क्षेत्रीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ परियोजना की शुरुआत कराई और क्षेत्रवासियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का पूजन पंडित बृजेश पाण्डेय ने संपन्न कराया। क्षेत्र की वरिष्ठ नागरिक मंजू देवी को यजमान बनाकर पूजा कराई गई। भाजपा कैंट मंडल अध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने नारियल फोड़कर शुभारंभ किया, जबकि शिलापट्ट का अनावरण वरिष्ठ कार्यकर्ता अचल श्रीवास्तव एवं सोना मौर्य ने किया।
इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई थी। नई परियोजना के पूरा होने से लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने संबंधित विभाग को कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में सुधीर जायसवाल, राहुल जायसवाल, विजय विश्वकर्मा, वैभव मिश्रा, वंदना चौरसिया, विजय प्रजापति, देवेंद्र गौड़, अभिषेक आर्य, भैया लाल, कन्हैया सेठ, आदित्य चौरसिया, साहिल यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


