धुंध की चादर में लिपटा वाराणसी
ठंड के बाद अब कोहरे की दस्तक,

बारिश के बाद बढ़ने लगी ठंड
वाराणसी (जनवार्ता)। धर्मनगरी काशी में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों से तूफान के असर के चलते हुई बारिश के बाद अब ठंड बढ़ने के साथ कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। सोमवार की सुबह शहर के कई इलाकों में धुंध छाई रही। चौकाघाट पुल कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। सुबह का नजारा आम दिनों से बिल्कुल अलग दिखाई दिया।

वहीं महावीर मंदिर से मेंटल हॉस्पिटल रोड तक धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित रही। सड़क पर वाहन चालकों को सावधानी के साथ आगे बढ़ना पड़ा और कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए। बारिश के बाद मौसम में आई ठंडक से लोगों को अब सर्दी का एहसास होने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए आने वाले दिनों में कोहरे और ठंड का असर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

